औरंगाबाद, मार्च 18 -- िहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय औरंगाबाद की ओर से जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज में बुधवार को रोजगार मेला का आयोजन किया गया, जिसमें छह प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने हिस्सा लिया।
रोजगार मेला में 10वीं, 12वीं और स्नातक पास युवक और युवतियों को सीधे नौकरी का अवसर प्रदान किया गया। इस रोज़गार मेले में योग्य 100 अभ्यर्थियों का अलग-अलग पदों पर चयन किया गया।
इस अवसर पर सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी तथा पलायन की समस्या को कम किया जा सके। मेले में विभिन्न क्षेत्रों से आयी छह प्रतिष्ठित कंपनियों की ओर से स्टॉल लगाये गये थे। यह रोजगार मेला युवक और युवतियों के लिए सुनहरा अवसर है, जहां शिक्षा से लेकर कौशल के आधार पर सीधी नियुक्ति और व्यावसायिक मार्गदर्शन दोनों मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित