औरंगाबाद , अप्रैल 11 -- औरंगाबाद जिले में महिलाओं में गर्भाशय कैंसर के संभावित खतरे को देखते हुए इस पर नियंत्रण के उद्देश्य से बच्चियों के बीच विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने इस अभियान को बेहद खास बताते हुए कहा कि यह टीकाकरण अभियान सभी बेटियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। अभिभावकों को चाहिए कि वे आगे आएं और अपनी बेटियों को यह टीका अवश्य दिलवाएं।

जिलाधिकारी सुश्री शर्मा ने इस टीकाकरण अभियान के दौरान आज औरंगाबाद शहर के अदरी नदी किनारे स्थित किशोरी सिन्हा कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर या गर्भाशय कैंसर से संबंधित जागरूकता के बारे में जानकारी दी और पहले टीका ले चुकी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर उत्साहवर्द्धन भी किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि यह एक सुरक्षित तथा प्रभावी उपाय है, जो भविष्य में होने वाली गंभीर बिमारियों, खासकर कैंसर से बचाव करता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में चिकित्सा विभाग की ओर से माइक्रोप्लानिंग तैयार कर कार्य योजना बनायी गयी है। उन्होंने कहा कि आज की बेटी कल की नारी है और उसी से स्वस्थ समाज का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता की कमी से बेटियों सवाईकल कैंसर की शिकार हो रही हैं और उसी को रोकने की पहले इस अभियान के माध्यम से की जा रही है।

इस कार्यक्रम के दौरान जिला जन संपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, जिले के सिविल सर्जन तथा डीपीओ मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित