पटना, मार्च 19 -- बिहार में औरंगाबाद जिले में स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग एंड ट्रैफिक रिसर्च (आईडीटीआर) में छह नियोजित महिला चालकों को ट्रेनिंग दी जा रही है।
छह नियोजित महिला चालक आरती कुमारी, रागिनी कुमारी, अनीता कुमारी, सरस्वती कुमारी, गायत्री कुमारी और बेबी कुमारी को पिंक बस चलाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण औरंगाबाद जिले में स्थित आईडीटीआर में शुरू हो चुका है। 14 दिनों की इस कड़ी आवासीय ट्रेनिंग में इन चालकों को बस संचालन की बारीकियां, सड़क सुरक्षा नियम, इंजन की जानकारी, वाहन रखरखाव और आपातकालीन स्थिति से निपटना सिखाया जा रहा है। इसके साथ ही सिमुलेटर पर बस चलाने की प्रैक्टिस और रियल-टाइम ड्राइविंग भी शामिल है ये सभी महिला चालक समाज के सबसे पिछड़े और वंचित महादलित समुदाय से हैं। इन्होंने सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद अपनी मेहनत से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है।
परिवहन विभाग के अनुसार, सभी महिला चालक पहले से ही हेवी मोटर व्हीकल (एचएनवी) लाइसेंस की धारक हैं। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद इन महिलाओं को अलग-अलग जिलों में सड़कों पर पिंक बस चलाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पहले चरण में छह महिला चालकों के बाद अन्य 13 चालकों को भी पिंक बस संचालन की ट्रेनिंग दी जा जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित