बड़वानी , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई असमय वर्षा और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के आकलन के लिए प्रशासन ने सर्वे कार्य शुरू कर दिया है।
अधिकृत जानकारी के अनुसार कलेक्टर जयति सिंह के निर्देश पर राजस्व, कृषि और उद्यानिकी विभाग की संयुक्त टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर खेतों का निरीक्षण कर रही हैं।
प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक बड़वानी, अंजड़, ठीकरी और पानसेमल तहसीलों में मक्का के अलावा केला और पपीता की फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। संयुक्त दलों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सरपंचों के साथ विभिन्न गांवों में सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया है।
टीमें नेत्रांकन विधि से प्रारंभिक क्षति का आकलन कर रही हैं, जबकि वास्तविक नुकसान का निर्धारण फसल कटाई प्रयोग के आधार पर किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सर्वे पूर्ण होने के बाद पात्र किसानों को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित