जालौन , अप्रैल 4 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में बेमौसम ओलावृष्टि के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने फसल क्षति का आकलन कराने के लिए तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने राजस्व एवं विकास विभाग की संयुक्त टीमों को निर्देशित किया है कि वे माधौगढ़, कुठौंद, रमपुरा और कोंच क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान का विस्तृत सर्वे करें। इसके लिए उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और लेखपालों को मौके पर जाकर स्थिति का आकलन करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि किसानों को हुई क्षति का पारदर्शी और सटीक मूल्यांकन किया जाए, ताकि शासन स्तर से जल्द राहत राशि उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि सर्वे कार्य पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए और कोई भी प्रभावित किसान छूटने न पाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित समय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, जिससे राहत वितरण में देरी न हो। आदेश के बाद राजस्व टीमें गांव-गांव पहुंचकर सर्वे कार्य में जुट गई हैं।
प्रशासन ने कहा है कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित