मस्कट , मार्च 05 -- ओमान में मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने गुरुवार को देश की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए वीजा संबंधी परामर्श जारी कर कहा है कि यात्रियों को आगमन से पहले 'विजिट या टूरिस्ट वीजा' प्राप्त करना अनिवार्य है।

दूतावास ने एक बयान में कहा, "यात्रियों को रॉयल ओमान पुलिस की वेबसाइट पर अधिकृत ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से पहले से ई-वीजा के लिए आवेदन करना होगा।"आगमन पर वीजा (वीजा ऑन अराइवल) की सुविधा उन भारतीय नागरिकों के लिए भी उपलब्ध है जिनके पास अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, जापान या शेंगेन क्षेत्र का वैध वीजा या निवास परमिट है। ऐसे यात्री 14 दिनों तक के लिए प्रवेश कर सकते हैं, बशर्ते उनके पास वापसी का टिकट, होटल बुकिंग और स्वास्थ्य बीमा हो।

परामर्श में कहा गया है कि खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के देश बहरीन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले और वैध 'रेजिडेंट कार्ड' रखने वाले भारतीय नागरिक भी 'वीजा ऑन अराइवल' के पात्र हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित