रायपुर , फरवरी 08 -- ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में खपाने की कोशिश कर रहे एक अंतर्राज्यीय तस्कर को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के दो अन्य साथी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) निवासी हिमांशु केशरवानी के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक स्विफ्ट कार और 20.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

उन्होंने बताया कि न्यू राजेंद्र नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लालपुर ओवरब्रिज के नीचे कुछ युवक कार में बैठकर गांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस वाहन को आते देख कार में सवार दो आरोपी उतरकर फरार हो गए, जबकि हिमांशु केशरवानी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह अपने दो साथियों के साथ ओडिशा के कालाहांडी जिले से गांजा लेकर आया था, जिसे रायपुर सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बेचने की योजना थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से जब्त गांजा और वाहन सहित कुल मशरूका की कीमत लगभग सात लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, वहीं फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित