बस्तर , फरवरी 01 -- त्तीसगढ के बस्तर में नगरनार थाने की पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 11 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसका बाजार मूल्य साढ़े पांच लाख रुपये आंका गया है।
रविवार को बस्तर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक,31 जनवरी को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम धनपुंजी फारेस्ट नाका, राष्ट्रीय राजमार्ग 63 (एनएच-63) के पास नाकाबंदी की। जानकारी थी कि एक व्यक्ति ओडिशा से गांजा लेकर आ रहा है। संदिग्ध व्यक्ति को जगदलपुर जाने वाले वाहन में बैठने का प्रयास करते देखा गया। पुलिस की मौजूदगी पर वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष बसोड़ (26), निवासी ग्राम मलावर, जिला राजगढ़, मध्य प्रदेश के रूप में हुई। उसके कब्जे वाले बैग की तलाशी में दो पैकेटों में कुल 10.980 किलोग्राम गांजा तथा 530 रुपये नकदी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर राजगढ़, मध्य प्रदेश ले जा रहा था।
इस संबंध में थाना नगरनार में अपराध क्रमांक 22/2026, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड हेतु अदालत में पेश किया गया है।
पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर रोकथाम के लिए इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान में पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में नगरनार थाना प्रभारी संतोष सिंह की अगुवाई वाली टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित