भुवनेश्वर , दिसंबर 08 -- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को विधानसभा को बताया कि पिछले डेढ़ साल में 12 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है तथा पुलिस मुठभेड़ों में 21 माओवादी मारे गए हैं।

कांग्रेस विधायक तारा प्रसाद बाहिनीपति के सवाल के जवाब में श्री माझी ने कहा कि 01 जून 2024 से 30 नवंबर 2025 के बीच मारे गए 21 माओवादियों में से 17 की मौत ओडिशा और छत्तीसगढ़ की सीमा पर दोनों राज्यों के सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान के दौरान हुई।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि नवंबर 2025 के पहले सप्ताह तक वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) से प्रभावित नौ जिलों को केंद्र सरकार की सुरक्षा संबंधी व्यय (एसआरई) योजना के तहत लाया गया है।

श्री माझी ने बताया कि माओवादियों को मुख्यधारा में लाने के लिए सरकार आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत विभिन्न सहायता उपाय प्रदान कर रही है। नवंबर में किए गए संशोधनों से इस नीति को और भी आकर्षक बना दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित