भुवनेश्वर , अप्रैल 15 -- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मयूरभंज जिले के एक सरकारी आश्रम स्कूल में कथित तौर पर खराब खाना खाने के बाद पांचवीं कक्षा की छात्रा की मौत के मामले में उच्च स्तरीय प्रशासनिक जांच के आदेश दिये हैं।
मुख्यमंत्री ने राजस्व संभागीय आयुक्त (उत्तरी संभाग) को उन परिस्थितियों की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया है, जिनके कारण स्कूल के कई छात्र बीमार पड़ गये और रूपाली नाम की छात्रा की जान चली गयी। यह दुखद घटना रसगोविंदपुर के काकाबन्धा आवासीय स्कूल में हुई, जहां रविवार को कथित तौर पर दूषित खाद्य पदार्थ खाने के बाद सौ से अधिक छात्र बीमार पड़ गए थे। पीड़ित छात्रा रूपाली का इलाज पीआरएम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में चल रहा था, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और गुस्साई भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर लाठियों और पत्थरोंसे हमला कर दिया, जिसमें रसगोविंदपुर के थाना प्रभारी सहित कम से कम पांच पुलिसकर्मी घायल हो गये।मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतक के परिजनों को तीन लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इस लापरवाही के लिए स्कूल के प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। आवास और शहरी विकास मंत्री के. सी. मोहपात्रा ने भी अस्पताल का दौरा कर प्रभावित छात्रों के स्वास्थ्य की समीक्षा की है और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित