केंद्रपाड़ा , अप्रैल 06 -- ओड़िशा के केंद्रपाड़ा जिले की पाटकुर पुलिस ने एक त्वरित और समन्वित अभियान चलाकर एक कॉलेज छात्रा को उसके अपहरण के दो घंटे के भीतर सुरक्षित बचा लिया और इस अपराध में इस्तेमाल किए गए वाहन के चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

घटना पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए पाटकुर पुलिस दल ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके परिणामस्वरूप पीड़िता को सुरक्षित बचा लिया गया। अपहरण में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि दो अपहरणकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य संदिग्ध सहित शेष दो आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है।

यह घटना दिनदहाड़े उस समय हुई जब 12वीं की विज्ञान की छात्रा (16) का चार युवकों ने चाकू की नोक पर अपहरण कर लिया। छात्रा कोचिंग क्लास के बाद अपनी सहपाठी के साथ घर लौट रही थी, तभी बदमाशों ने उसे रोका और जबरन साथ ले गए।

यह अपराध पाटकुर पुलिस स्टेशन से महज एक किलोमीटर की दूरी पर हुआ था। अपहरण के बाद, पीड़िता की सहेली ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। केंद्रपाड़ा के उप मंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) ज्योति रंजन गौड़ा ने पाटकुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी को सीसीटीवी फुटेज की जांच करने और वाहन का पीछा करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित