भुवनेश्वर , फरवरी 22 -- ओडिशा नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (ओकेसीएल) के वार्षिक नेटवर्क मीट 2026 में 'एआई फॉर ऑल' के लक्ष्य के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के सरल और व्यापक उपयोग पर जोर दिया गया।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधीन कार्यरत ओकेसीएल के इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री मुकेश महालिंग ने ओडिशा को पूर्णतः डिजिटल साक्षर राज्य बनाने की दूरदर्शी रूपरेखा प्रस्तुत की।

उन्होंने ओकेसीएल के दो प्रमुख कार्यक्रमों "ओडिशा स्टेट-एडवांस्ड सर्टिफिकेट इन इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (ओएस-एसीआईटी)" तथा ओकेसीएल इंटर्नशिप पोर्टल का उद्घाटन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष अतिथि प्रदीप कुमार राउत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, ओडिशा कंप्यूटर एप्लीकेशन केन्द्र (ओकैक) एवं विशेष सचिव, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, ओडिशा सरकार ने किया।

राज्यभर से आए एक हजार से अधिक अधिकृत शिक्षण केन्द्रों के प्रमुखों एवं प्रशिक्षकों को संबोधित करते हुए डॉ. राउत ने वर्ष 2025 में ओकेसीएल के प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. मनोरंजन पुथाल के नेतृत्व में ओकेसीएल वर्तमान वर्ष में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। इस अवसर पर वर्ष 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले केन्द्रों को सम्मानित भी किया गया। ओकैक के सीईओ की ओर से ओकेसीएल की सफल यात्रा पर आधारित एक वीडियो का विमोचन किया गया।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान, भोपाल, मध्य प्रदेश से डॉ. सुमन पटनायक ने संबोधन दिया और ओकेसीएल नेटवर्क से जुड़े सभी सदस्यों को प्रोत्साहित किया।

ओकेसीएल के प्रबंध निदेशक डॉ. मनोरंजन पुथाल ने निगम की सफलता का श्रेय राज्यभर में कार्यरत 850 अधिकृत शिक्षण केन्द्रों के समर्पित प्रयासों को दिया। उन्होंने बताया कि ओकेसीएल का लक्ष्य ओडिशा के प्रत्येक घर तक डिजिटल साक्षरता पहुंचाना है। इसके तहत 2030 तक ग्राम पंचायत स्तर तक विस्तार करते हुए 2,500 से अधिक केन्द्र स्थापित किए जाएंगे और प्रतिवर्ष पांच लाख से अधिक शिक्षार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित डिजिटल साक्षरता प्रदान की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित