भुवनेश्वर , नवंबर 17 -- ओडिशा में बीजू महिला जनता दल (बीएमजेडी) की अध्यक्ष और नुआपाड़ा से बीजेडी उम्मीदवार स्नेहांगिनी छुरिया ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बड़े पैमाने पर मतदान में धांधली करके उपचुनाव जीतने का आरोप लगाया है।

सुश्री छुरिया ने आरोप लगाया कि इस गड़बड़ी में जिला प्रशासन, पुलिस और चुनाव अधिकारी शामिल रहे। सुश्री छुरिया ने कहा कि अपने चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने नुआपाड़ा की पंचायतों और एनएसी क्षेत्र में बीजेडी और उसके अध्यक्ष नवीन पटनायक के लिए भारी समर्थन देखा।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बीजेडी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ शत्रुतापूर्ण व्यवहार किया और पार्टी का मनोबल गिराने के लिए बदले की कार्रवाई की। चुनाव अधिकारियों से बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।

सुश्री छुरिया ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने मतदान के दिन कई मतदान केंद्रों में घुसकर प्रचार किया और मतदाताओं पर कमल के निशान पर वोट डालने का दबाव डाला। इसके बावजूद बीजद की आपत्तियों और शिकायतों को अधिकारियों ने नजरंदाज कर दिया।

सुश्री छुरिया ने अनियमितताओं पर बात करते हुए बताया कि 41 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रतिशत 90 प्रतिशत से अधिक रहा, जिसे उन्होंने बेहद संदिग्ध बताया। उन्होंने आधिकारिक मतदान आंकड़ों में विसंगतियों का उल्लेख किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित