भुवनेश्वर , नवंबर 06 -- ओडिशा में वन अधिकारियों ने केंद्रपाड़ा जिले के कछुआ गहिरमाथा समुद्री अभयारण्य से गुरुवार को अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में 16 समुद्री मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी नॉवें जब्त कर ली।
सहायक वन संरक्षक मानस दास ने बताया कि निषिद्ध अभयारण्य क्षेत्र में मछली पकड़ने के लिए मछुआरों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले मछली पकड़ने वाली नॉवों को वन गश्ती दल ने जब्त कर लिया। गिरफ्तार किए गए ये लोग भद्रक और बालासोर जिलों के समुद्री मछुआरे हैं। बाद में उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वन अधिकारी ने बताया कि मछली पकड़ने वाले जहाज ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, ओडिशा समुद्री मत्स्य पालन विनियमन अधिनियम और समुद्री अभयारण्य के अनिवार्य नियमों का उल्लंघन करते हुए निषिद्ध अभयारण्य गलियारों में अतिक्रमण किया था।
राज्य सरकार ने लुप्तप्राय ओलिव रिडले समुद्री कछुओं के बड़े पैमाने पर घोंसले बनाने के मद्देनजर एक नवंबर से धामरा-देवी नदी के मुहाने के 20 किलोमीटर लंबे हिस्से में सात महीने के लिए मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
उल्लेखनीय है कि गहिरमाथा में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध साल भर लागू रहता है। इसे समुद्री अभयारण्य का दर्जा प्राप्त है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अनुसूची-1 के अंतर्गत आने वाले इस मूक प्रजाति को अत्यधिक संकटग्रस्त होने के कारण लंबे समय तक जाल में फँसाकर दम घुटने से मौत हो जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित