भुवनेश्वर , फरवरी 26 -- ओडिशा पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाये गये अब तक के सबसे बड़े अभियानों में से एक को अंजाम देते हुए कोरापुट जिले में 225 करोड़ रुपये का हशीश तेल और पांच करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया है।
पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार, यह बड़ी सफलता ओडिशा-आंध्र प्रदेश सीमा के पास पादुआ पुलिस थाना के अंतर्गत झोलापुट वन क्षेत्र में एक छापेमारी के दौरान मिली। इस कार्रवाई में भांग से निकाला गया 180 लीटर से अधिक हशीश तेल बरामद किया गया। इसकी बाजार में कीमत लगभग 225 करोड़ रुपये आंकी गयी है।
खुफिया जानकारी के आधार पर दक्षिण रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) के निर्देश और कोरापुट पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस सुनियोजित अभियान के दौरान हशीश तेल बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और सामग्री भी जब्त की गई। हालांकि, आरोपी मौके से भागने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान जारी है।
एक अन्य अभियान में नंदपुर पुलिस थाना टीम ने दो वाहनों को रोककर 1,143 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इनमें से दो आरोपी कोरापुट के सेमिलिगुड़ा इलाके के हैं, जबकि अन्य दो हरियाणा के रहने वाले हैं। इससे पहले चित्रकोंडा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में भी 60 किलोग्राम हशीश तेल के साथ दो लोगों को पकड़ा गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित