भुवनेश्वर , जनवरी 19 -- अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक और ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी सहकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, अमिया कुमार पटनायक ने सोमवार को आरोप लगाया कि ओडिशा में सहकारी संस्थाएं दिवालियापन की ओर बढ़ रही हैं।
श्री पटनायक ने कहा कि बीजू जनता दल के 25 वर्षों के शासनकाल और वर्तमान भारतीय जनता पार्टी की सरकार के अंतर्गत सहकारी संस्थाएं बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का केंद्र बन गई है जबकि सहकारी कर्मचारियों की वैध मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सहकारी समितियों पर आधारित तेल मिलें, कताई मिलें और चीनी मिलें बंद पड़ी हैं और विनियमित बाजार समितियां (आरएमसी) किसानों के लिए प्रभावी तरीके से काम करने में विफल रही हैं। कांग्रेस नेता ने धान और अन्य फसलों के भंडारण के लिए गोदामों की भारी कमी और राज्य में सब्जियों के लिए शीत भंडारण सुविधाओं के अभाव की ओर भी इशारा किया।
इन समस्याओं के समाधान के लिए श्री पटनायक ने घोषणा करते हुए कहा कि ओडिशा प्रदेश कांग्रेस सहकारी प्रकोष्ठ ने आज गंजम जिले से सहकारी संरक्षण अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य संस्थाओं को सक्रिय, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाकर जमीनी स्तर से सहकारी क्षेत्र को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पिछली कांग्रेस सरकारों के दौरान सहकारी समितियों के माध्यम से सभी वर्गों के लोगों के लिए कार्यान्वित की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में व्यापक जागरूकता उत्पन्न करने के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सहकारी संस्थाओं का समग्र विकास, कर्मचारियों की जायज मांगों की पूर्ति, भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, अवसंरचना को मजबूत करना और मानव संसाधनों में सुधार करना है।
श्री पटनायक ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पंचवर्षीय योजनाओं के अंतर्गत ग्रामीण आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और किसानों को साहूकारों एवं शोषण से राहत दिलाने के लिए प्रत्येक पंचायत में प्राथमिक कृषि सहकारी सेवा समितियों की स्थापना की गई थी।
उन्होंने कहा कि ओडिशा में उत्कल गौरव मधुसूदन दास के सहकारी दृष्टिकोण को कांग्रेस शासन के दौरान पूरी निष्ठा से लागू किया गया था। उन्होंने आगे कहा कि वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की अध्यक्षता और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस-आधारित संप्रग सरकार के दौरान, वैद्यनाथन समिति की सिफारिशों के बाद पीएसीएस से लेकर केंद्रीय और राज्य सहकारी बैंकों तक, सहकारी संस्थाओं को पुनर्जीवित किया गया था।
उन्होंने कहा कि उस दौरान मानव संसाधनों को मजबूत किया गया, अवसंरचना का विकास किया गया, कम्प्यूटरीकरण में तेजी लाई गई और पांच करोड़ से अधिक किसानों के 72,680 करोड़ रुपये के कृषि ऋण माफ किए गए, जिससे सहकारी क्षेत्र को नई गति मिली। श्री पटनायक ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकारी घोषणाएं केवल प्रचार और कागजी कार्रवाई तक ही सीमित हैं और उन्होंने सहकारी समितियों को पुनर्जीवित करने के लिए तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया।
उन्होंने सहकारी विशेषज्ञों के राज्य स्तरीय कार्यबल का गठन, सहकारी अकादमी की स्थापना, राज्य सहकारी संघ लिमिटेड को मजबूत करने, शिक्षा निधि में वृद्धि और सहकारी क्षेत्र के लिए उच्च बजटीय आवंटन सहित व्यापक सुधारों की मांग की है। उन्होंने 31 मार्च तक सभी किसानों के कृषि ऋणों की पूर्ण माफी, प्रत्येक उपमंडल में कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं के निर्माण और प्रत्येक ग्राम पंचायत में गोदामों का निर्माण और कोल्ड स्टोरेज उद्यमियों के लिए पूर्ण बिजली सब्सिडी की भी मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित