भुवनेश्वर , नवंबर 14 -- ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार जय ढोलकिया ने नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार घासीराम मांझी को 83,748 मतों के रिकॉर्ड अंतर से हराया।
सत्तारूढ़ भाजपा ने बीजू जनता दल (बीजद) से यह सीट छीन ली। यह नवीन पटनायक के नेतृत्व में बीजद के 24 साल के शासन को समाप्त करने के बाद नवगठित भाजपा सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक क्षण है।
इस उपचुनाव में 14 उम्मीदवार मैदान में थे लेकिन असली मुकाबला भाजपा, बीजद और कांग्रेस के बीच था।
यह उपचुनाव बीजद के मौजूदा विधायक राजेंद्र ढोलकिया के निधन के बाद कराया गया, जिन्होंने नुआपाड़ा का चार बार प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने एक बार निर्दलीय और तीन बार बीजद उम्मीदवार के रूप में नुआपाड़ा का प्रतिनिधित्व किया।
उनके बेटे जय ढोलकिया उपचुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। उनको पार्टी ने मैदान में उतारा और उन्होंने 1,23,869 वोट हासिल करते हुए अपने पिता की सीट पर फिर से जीत दर्ज कर ली।
बीजद का प्रदर्शन खराब रहा और उसकी उम्मीदवार पूर्व मंत्री और बीजू महिला जनता दल की अध्यक्ष स्नेहांगिनी छुरिया 38,408 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रमुख आदिवासी नेता और कांग्रेस उम्मीदवार घासीराम माझी 40,121 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित