ओडिशा ने डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ धान खरीद को मजबूत किया समय पर एमएसपी भुगतान सुनिश्चित किएभुवनेश्वर , फरवरी 05 -- ओडिशा सरकार के धान खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने की दिशा में बने डिजिटल प्लेटफॉर्म से अब तक 7.99 लाख से अधिक किसान सीधे तौर पर लाभान्वित हो चुके हैं।

अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार की इस नयी व्यवस्था का उद्देश्य राज्य भर के किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और इनपुट सहायता का समय पर और त्रुटिहीन भुगतान सुनिश्चित करना है। इस सुधार के तहत, राज्य सरकार ने पहली बार आधार-आधारित ई-केवाईसी सत्यापन लागू किया है, ताकि भुगतान में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या दोहरे दावों की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

इस पहल के जरिए सुनिश्चित किया जा रहा है कि भुगतान केवल उन वास्तविक किसानों को मिले जो 'पी-पास' (धान खरीद स्वचालन प्रणाली) पोर्टल पर पंजीकृत हैं। अब तक राज्य सरकार ने एमएसपी और इनपुट सहायता के रूप में 10,56,693 किसानों को कुल 12,703.74 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता वितरित की है। हालांकि यह भी पाया गया है कि यह व्यवस्था उतनी भी चाक चौबंद नहीं है। तकनीकी जांच के दौरान बैंक खातों से संबंधित समस्याओं के कारण 5,562 मामलों में भुगतान में त्रुटियां पाई गई हैं। इनमें से अधिकांश समस्याएं जन धन खातों, एयरटेल पेमेंट्स बैंक और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खातों में अधिकतम जमा सीमा पार होने के कारण आई हैं। इसके अलावा, कुछ खाते निष्क्रिय होने, आधार लिंक न होने या केवाईसी अपडेट न होने की वजह से भी भुगतान रुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित