श्रीगंगानगर , मार्च 08 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में ऑडिटोरियम बनाए जाने की घोषणा से शहर के कलाकारों एवं रंगकर्मियों में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई है।
लंबे समय से इस मांग को लेकर प्रयास कर रहे रंगकर्मियों ने इसे शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है। राज्य सरकार द्वारा यह ऑडिटोरियम शहर में पुरानी शुगर मील वाली जगह पर निर्माणाधीन मिनी सचिवालय परिसर में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा।
शहर के वरिष्ठ रंगकर्मी एवं टेलीविजन व फिल्मी कलाकार विजय जोरा ने कहा कि श्रीगंगानगर की वर्षों पुरानी आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण और नई शुरुआत है। वहीं सीनियर रंगकर्मी और राष्ट्रीय कला मंदिर के सचिव राकेश मोंगा ने खुशी जताते हुए कहा कि यह रंगकर्मियों के लिए सपना सच होने जैसा है।
वरिष्ठ रंगकर्मी मोहन दादरवाल, परमजीत सूफी, सुनील शर्मा, सन्नी थिंद, विजय भाटिया, हरबिंदरसिंह, श्याम सुंदर शर्मा, राजा रणदीप गिरी, विजय भाटिया, गौरव बलाना, उमंग शर्मा, अशोक चलाना, अमरेंद्र शिल्पी, अभिषेक जलंधरा, दीपक सारस्वत, शिवा नायक तथा विक्रम मोंगा सहित कई कलाकारों ने इसे इलाके के रंगकर्मियों में नई ऊर्जा भरने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि अब तक नाटक मंचन के लिए उन्हें स्कूलों के ऑडिटोरियम पर निर्भर रहना पड़ता है, जो शहर के बाहरी क्षेत्रों में होने के कारण दर्शकों के लिए वहां पहुंचना मुश्किल हो जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित