सिडनी , जनवरी 16 -- ऑस्ट्रेलिया में सोशल मीडिया के लिए न्यूनतम आयु सीमा कानून लागू होने के बाद प्रमुख सोशल मीडिया कंपनियों ने दिसंबर के पहले पखवाड़े में 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लगभग 47 लाख खातों तक पहुंच बंद कर दी।
ऑस्ट्रेलिया में ऑनलाइन सुरक्षा की निगरानी करने वाली नियामक संस्था ईसेफ्टी के प्रारंभिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गयी।
ईसेफ्टी ने कहा है कि अब उसका ध्यान तैयारी से हटकर निगरानी और प्रवर्तन पर केंद्रित हो गया है, खासकर उन प्लेटफॉर्मों पर जिन्हें आयु-प्रतिबंधित माना जाता है और जिन पर 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों का उपयोग अधिक होता है।
ई-सेफ्टी कमिश्नर जूली इनमैन ग्रांट ने कहा, "मैं इन प्रारंभिक परिणामों से बहुत खुश हूं।" उन्होंने आगे कहा कि शुरुआती संकेत बताते हैं कि प्लेटफॉर्म 16 साल से कम उम्र के बच्चों को अकाउंट बनाने से रोकने के लिए "सार्थक कदम" उठा रहे हैं।
हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि कुछ नाबालिगों के अकाउंट अभी भी सक्रिय हैं, लेकिन उन्होंने आगाह किया कि यह तय करना अभी जल्दबाजी होगी कि प्लेटफॉर्म पूरी तरह से नियमों का पालन कर रहे हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि उम्र की पुष्टि करने की प्रक्रियाओं को निष्पक्ष और सटीक रूप से लागू करने में समय लगता है।
उन्होंने कहा कि हालांकि कुछ बच्चे सोशल मीडिया पर बने रहने के लिए नए-नए तरीके ढूंढ सकते हैं, लेकिन यह याद रखना महत्वपूर्ण है कि अन्य सुरक्षा कानूनों की तरह ही, सफलता का मापन नुकसान में कमी और सांस्कृतिक मानदंडों को बदलने से होता है।"इनमैन ग्रांट ने गति सीमा का उदाहरण देते हुए कहा कि आंशिक अनुपालन विफलता नहीं है, बल्कि समय के साथ सुरक्षित वातावरण बनाने में योगदान देता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित