रांची , फरवरी 12 -- झारखंड की राजधानी रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने ऑपरेशन "नार्कोस" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
इस मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है। बरामद माल और दोनों आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया है।
रांची मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर रेलवे स्टेशन परिसर में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रांची रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। ट्रेन संख्या 15027 के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर आगमन के बाद ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों ने एक पुरुष और एक महिला को संदिग्ध अवस्था में बैठे देखा। दोनों के व्यवहार और घबराहट को देखते हुए जवानों को संदेह हुआ।
पूछताछ में पुरुष ने अपना नाम राजू कुमार (29 वर्ष), पिता लल्लू सिंह, निवासी गिरधरपुर, थाना करगहर, जिला रोहतास (बिहार) बताया। वहीं महिला ने अपना नाम छोटी कुमारी (21 वर्ष), पिता गोपाल कहार, निवासी सोनाडीह, थाना करगहर, जिला रोहतास (बिहार) बताया। उनके पास रखे बैग के बारे में पूछे जाने पर दोनों ने स्वीकार किया कि बैग में प्लास्टिक में लिपटा गांजा है।
मामले की सूचना तत्काल सहायक सुरक्षा आयुक्त अशोक कुमार सिंह को दी गई। उनके मौके पर पहुंचने के बाद विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत दोनों की व्यक्तिगत तलाशी और बैग की जांच की गई। जांच के दौरान राजू कुमार के पास से 10 पैकेट और छोटी कुमारी के पास से 8 पैकेट गांजा बरामद किया गया। मौके पर वजन करने पर कुल 18 किलोग्राम गांजा पाया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि यह गांजा और रेलवे टिकट उन्हें संबलपुर (ओडिशा) निवासी बिस्नु नामक व्यक्ति ने दिया था। उन्हें निर्देश दिया गया था कि सासाराम रेलवे स्टेशन पर गिरधरपुर निवासी बिट्टू चंद्रवंशी और छोटू सिंह को यह खेप सौंपनी है।
आरपीएफ ने जब्त गांजे को विधिवत सील कर दोनों आरोपितों को अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची के हवाले कर दिया।
इस अभियान में आरपीएफ पोस्ट रांची के निरीक्षक शिशुपाल कुमार, स्टाफ मोहम्मद आलिम और वर्षा मुंडा के साथ फ्लाइंग टीम के सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार, राजकुमार सिंह और दिनेश प्रसाद की अहम भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित