जशपुर , दिसंबर 28 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत थाना दुलदुला क्षेत्र से गुम हुई 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को सूचना मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर झारखंड राज्य से सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया है। इस मामले में बालिका को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

एसएसपी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 दिसंबर 2025 को थाना दुलदुला क्षेत्र के एक ग्राम निवासी पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री 15 दिसंबर की सुबह घर से लापता हो गई है। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी बालिका का कोई सुराग नहीं मिलने पर अपहरण की आशंका जताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दुलदुला में गुम इंसान एवं बीएनएस की धारा 137(2) के तहत तत्काल प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस को मुखबिर की सूचना एवं परिजनों के सहयोग से पता चला कि गुम नाबालिग बालिका झारखंड के जिला सिमडेगा अंतर्गत एक गांव में आरोपी अशोक यादव के साथ रह रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम को तत्काल झारखंड रवाना किया गया, जहां से बालिका को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को हिरासत में लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित