हरिद्वार , अप्रैल 04 -- उत्तराखंड में कानून- व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत हरिद्वार जिले में ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने देर रात विभिन्न क्षेत्रों में सघन अभियान चलाकर 39 हुड़दंगियों को हिरासत में ले लिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने रेलवे रोड, नहर पटरी मार्ग, नया गांव मार्ग और रामानंद इंस्टीट्यूट मार्ग सहित कई सार्वजनिक स्थानों पर छापेमारी की। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग कर रहे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की गयी।
उप निरीक्षक खेमेंद्र गंगवार ने पुलिस टीम के साथ ट्रक यूनियन के पास स्थित मांसाहारी होटलों पर छापेमारी कर शराब का सेवन कर रहे व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान के तहत कुल 39 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया। सभी के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 81 के अंतर्गत चालान की कार्रवाई की गयी।
इसके अतिरिक्त एक बुलेट मोटरसाइकिल को रेट्रो साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न लगे होने के कारण मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने एवं सामाजिक माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित