हरिद्वार , अप्रैल 11 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत शनिवार को थाना पथरी पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने वाले 5000 रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को नशा तस्करों, संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों तथा इनामी अपराधियों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना पथरी पुलिस द्वारा एक विशेष टीम का गठन कर क्षेत्र में जांच और तलाश अभियान चलाया जा रहा था।

मामले में बीते जनवरी माह में पीड़िता की ओर से थाना पथरी में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें बताया गया कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर 5000 रुपये का इनाम घोषित किया गया। पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और पतारसी करते हुए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।

आखिरकार थाना पथरी पुलिस ने सुभाषगढ़ तिराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी की पहचान अभिषेक पुत्र राधेश्याम के रूप में हुई है। वह हरिद्वार में रुडकी कोतवाली के ब्रहमपुर गांव का रहने वाला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित