नैनीताल , अप्रैल 08 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात वांछित एवं इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया है जबकि अन्य दो अपराधियों को जिला बदर किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डाॅ. मंजूनाथ टीसी की ओर दी गई जानकारी के अनुसार तीन से सात अप्रैल के बीच जिलेभर में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान की निगरानी पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान एक वांछित और छह इनामी समेत कुल सात शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, गुंडा एक्ट के तहत दो पेशेवर अपराधियों को जिला बदर किया गया है।

इसके अलावा, व्यापक सत्यापन अभियान के तहत 484 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। शांति भंग और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर 111 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत सात मामलों में कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। रैश ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन चलाने, गलत नंबर प्लेट और हूटर के दुरुपयोग के मामलों में 110 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें से 31 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

अभियान के तहत जिले के 243 होटल, ढाबों, पब और बार की भी सघन जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध या अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित