ऋषिकेश , अप्रैल 08 -- उत्तराखंड में देहरादून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने गिरफ्तारी से पहले पुलिस टीम पर फायरिंग भी की लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मंगलवार देर रात जंगलात बैरियर पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की सघन जांच अभियान चलाया था। इसी दौरान रानीपोखरी की ओर से आ रही एक कार को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन चालक ने पुलिस को देखकर वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। संदेह होने पर पुलिस ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी और सरकारी वाहन से पीछा शुरू किया।

भागते समय कार काली मंदिर के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पिलर से टकरा गई। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा। पुलिसकर्मियों द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिस टीम ने संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी कार और वाहन की मूल नंबर प्लेट बरामद की गई है।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इमरान पुत्र इदरीश बताया । वह हरियाण के नूंह का रहने वाला है। बताया कि वह पूर्व में अपने एक साथी के साथ ऋषिकेश क्षेत्र से डंपर चोरी की घटना को अंजाम दे चुका है। इस बार वह पुनः चोरी की वारदात के लिए रेकी करने आया था। पुलिस से बचने के लिए उसने वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित