गरियाबंद , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में "ऑपरेशन निश्चय" के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना देवभोग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के 25 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को को एमसीपी कार्रवाई के तहत खुटगांव चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा के धरमगढ़ की ओर से पैदल आ रहा एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को दिखाई दिया, जिसके पास सफेद प्लास्टिक थैला और काला पिट्ठू बैग था। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो अलग-अलग पैकेटों में कुल 25 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की कुल कीमत 12.50 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान काला कान्हू उर्फ कान्हा टांडी (24), निवासी साल्हेकेला वार्ड क्रमांक 2, थाना बोडेन, जिला नुवापाड़ा (उड़ीसा) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले में "ऑपरेशन निश्चय" के तहत अवैध शराब एवं गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित