रांची , फरवरी 25 -- झारखंड के रांची रेल मंडल के आरपीएफ पोस्ट के रांची, हटिया और फ्लाइंग टीम ने अलग-अलग अभियान में 16 किलो गांजा जब्त किया है।
आधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में ऑपरेशन "नार्कोस" के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। ट्रेन संख्या 18309 एक्सप्रेस के आगमन पर कोच एस-7 की जांच के दौरान सीट संख्या 04 पर बैठे एक यात्री के पास नीले रंग का पिट्ठू बैग संदिग्ध अवस्था में पाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहन सिंह (41 वर्ष), निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा) बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से प्लास्टिक में लिपटा गांजा बरामद हुआ।
उसके बयान के आधार पर उसी कोच की सीट संख्या 64 पर बैठे राहुल पांडेय (32 वर्ष), निवासी गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) की तलाशी ली गई. उसके बैग से भी गांजा बरामद किया गया। दोनों के पास से कुल 8 पैकेट गांजा (5 पैकेट मोहन सिंह और 3 पैकेट राहुल पांडेय के पास से) जब्त किए गए। बरामद गांजे का कुल वजन 16 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा ओडिशा से खरीदकर उत्तर प्रदेश में अवैध बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहे थे। एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और जब्त गांजा सहित जीआरपी रांची को सौंप दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित