जशपुर , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ में जशपुर और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पत्थलगांव क्षेत्र से एक कार में छिपाकर ले जाया जा रहा 112 किलो 770 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मादक पदार्थ के साथ वाहन भी बरामद किया गया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 56 लाख रुपये बताई गयी है।
पुलिस से सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, रविवार को रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र से एक संदिग्ध कार द्वारा भारी मात्रा में गांजा परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर लैलूंगा पुलिस उक्त वाहन का पीछा कर रही थी और इसकी जानकारी जशपुर पुलिस को भी दी गई। इसके बाद पत्थलगांव थाना पुलिस ने पुरानी बस्ती के पास मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया, जिसके दौरान कार अनियंत्रित होकर एक नाले के गड्ढे में फंस गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने वाहन सवार दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखी गई सात प्लास्टिक बोरियों से 108 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 112 किलो 770 ग्राम पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम संजीव कुमार नट (30) निवासी ईटावा, उत्तरप्रदेश और विजय पंडित (28) निवासी वैशाली, बिहार (वर्तमान पता लोनावाला, पुणे) के रूप में बतायी। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा उड़ीसा के संबलपुर से लाया गया था और इसे उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था। आरोपियों के विरुद्ध थाना पत्थलगांव में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (B)(2)(C) के तहत अपराध मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित