हरदोई , मार्च 5 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में हरदोई-पिहानी मार्ग पर कोतवाली देहात क्षेत्र के भूरा टिकुर के पास गुरुवार सुबह एक ऑटो के पेड़ से टकरा जाने से एक महिला की मौत हो गई जबकि छह लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह ऑटो चालक को झपकी आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराया। हादसे के समय ऑटो में चालक सहित सात लोग सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को ऑटो से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। उपचार के दौरान एक महिला की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घायलों में चालक रवि समेत छह अन्य लोग शामिल हैं, जिनका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
कोतवाली देहात के कोतवाल हरिनाथ यादव ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मृत महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित