नयी दिल्ली , मार्च 27 -- ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, बैटरी टेक्नोलॉजी और विनिर्माण प्रणाली पर केंद्रित बिजनेस-टू-बिजनेस प्रदर्शनी ऑटोटेक एशिया 2026 का आयोजन राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में 17-19 अप्रैल को किया जायेगा।

ऑटोटेक एशिया की आयोजक ऑटो टेक ग्लोबल मीडिया के संस्थापक एवं निदेशक आशीष जैन ने यहां शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस सम्मेलन में 250 से अधिक प्रदर्शकों और व्यापार जगत के 25 हजार से ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद है। इनमें वाहन निर्माता, बैटरी कंपनियां, कलपुर्जों के आपूर्तिकर्ता, निवेशक और नीति निर्माता भी शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य एक ऐसा मंच तैयार करना है जो स्थापित और उभरते दोनों क्षेत्रों के बीच सहयोग को बढ़ावा दे और उद्योग में सार्थक संवाद संभव हो सके। उन्होंने कहा कि कंपनियों से ऐसे प्रतिनिधियों को बुलाने की कोशिश है जिनके पास अपनी कंपनी के लिए निर्णय लेने का अधिकार हो। इस सम्मेलन में ही ईवी टेक और बैटरी टेक के दूसरे संस्करणों का भी समावेश होगा।

श्री जैन ने कहा कि ऑटोटेक एशिया में विशेष रूप से स्टार्टअप पैवेलियन, इंटरनेशनल पैवेलियन, फाइनेंस पैवेलियन, ऑटो कंपोनेंट पैवेलियन और हरित ऊर्जा पैवेलियन भी होंगे। अंतर्राष्ट्रीय पैवेलियन में इटली और चीन भी इस साल शामिल हो रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित