अगरतला , अक्टूबर 17 -- वरिष्ठ अधिकारी श्री आलोक कुमार चक्रवर्ती ने शुक्रवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिरीक्षक(त्रिपुरा सीमा) का पदभार ग्रहण किया। इस पद पर तैनात श्री ए.के. शर्मा की तैनाती (मणिपुर सीमांत) क्षेत्र में की गयी है।

श्री चक्रवर्ती दशकों का व्यापक परिचालन और प्रशासनिक अनुभव रखते हैं। उन्हें सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक, कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र मिशन (यूएनएमआईके) पदक और अति उत्कृष्ट सेवा पदक मिले हैं।

अपने विशिष्ट कार्यकाल के दौरान उन्होंने भारत- बंगलादेश और भारत-पाकिस्तान सीमाओं पर विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। इसके साथ ही नियंत्रण रेखा (एलसी) पर भी योगदान दिया है और नक्सल विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है।

श्री चक्रवर्ती ने विशेष सुरक्षा दस्ते (एसपीजी) और कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र मिशन में प्रतिनियुक्ति पर कार्य किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित