नयी दिल्ली , जनवरी 28 -- अडानी समूह की कंपनी एसीसी सीमेंट को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर 2025) में 404 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है।

कंपनी ने बुधवार को जारी वित्तीय परिणामों में बताया कि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 637 करोड़ रुपये के सरकारी अनुदान और आयकर पर 530 करोड़ रुपये के ब्याज को छोड़ दें, तो एक साल पहले सामान्य स्थिति आने के बाद उसे 85 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जबकि बीती तिमाही में सामान्य स्थिति आने के बाद शुद्ध लाभ 380 करोड़ रुपये रहा। इस प्रकार, शुद्ध मुनाफा 346 प्रतिशत बढ़ा है।

कंपनी ने बताया कि तिमाही के दौरान उसका परिचालन से प्राप्त राजस्व 6,483 करोड़ रुपये और परिचालन लाभ 700 करोड़ रुपये रहा जो अपने-आप में रिकॉर्ड है। प्रति टन परिचालन लाभ 619 रुपये रहा।

तिमाही के दौरान सीमेंट की बिक्री बढ़कर 113 लाख टन पर पहुंच गयी। तिमाही के दौरान कंपनी का नेटवर्थ 389 करोड़ रुपये बढ़कर 20,326 करोड़ रुपये हो गया।

आलोच्य तिमाही में प्रति शेयर कंपनी की कमाई 21.5 रुपये रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित