बैतूल , अप्रैल 9 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक 30 वर्षीय विवाहिता की एसिड पीने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार महिला ने 29 मार्च को कथित रूप से घरेलू विवाद के चलते यह कदम उठाया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका की पहचान अंजली निवासी टिकारी क्षेत्र के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भोपाल रेफर किया गया। भोपाल में स्थिति में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे नागपुर ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

बताया गया है कि अंजली की शादी करीब दो वर्ष पूर्व टिकारी निवासी रमाकांत सोलंकी (56) से हुई थी। यह दोनों की दूसरी शादी थी। रमाकांत की पहली पत्नी से दो बच्चे हैं, जबकि अंजली का भी पहले पति से एक बेटा है।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। विवाहिता से संबंधित मामला होने के कारण तहसीलदार द्वारा भी बयान दर्ज किए गए हैं। अस्पताल पुलिस चौकी ने मर्ग डायरी तैयार कर कोतवाली पुलिस को भेज दी है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित