नयी दिल्ली , अप्रैल 06 -- दिल्ली विधानसभा के उच्च सुरक्षा क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक व्यक्ति ने अपनी एसयूवी मुख्य द्वार और बैरियर तोड़ते हुए अंदर घुसा दी जिससे अफरा-तफरी मच गयी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की पहचान सरवजीत सिंह (40) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले का निवासी है। वह अपनी टाटा सिएरा एसयूवी से मुख्य द्वार और बैरियर तोड़ते हुए परिसर में दाखिल हुआ और बाद में विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के वाहन के पास फूलों का गुलदस्ता रखकर उसी वाहन से बाहर निकल गया।
उल्लेखनीय है कि यह द्वार वीआईपी प्रवेश के लिए आरक्षित है। आरोपी ने यहां लोहे के दरवाज़े और फाटक दोनों को तोड़ते हुए परिसर में प्रवेश किया। पुलिस ने इसे सुरक्षा में गंभीर चूक माना है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है और उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है और वाहन भी बरामद कर लिया गया है।
यह घटना करीब अपराह्न दो बजे हुई, जिसके बाद राजधानी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। आरोपी ने वीवीआईपी प्रवेश के लिए निर्धारित गेट नंबर-2 से प्रवेश किया था। आरोपी ने यहां लोहे के दरवाज़े और फाटक दोनों को तोड़ते हुए परिसर में प्रवेश किया। पुलिस ने इसे सुरक्षा में गंभीर चूक माना है।
घटना की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता और अपराध शाखा की टीमें मौके पर पहुंचीं, हालांकि जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। विशेष पुलिस आयुक्त अनिल शुक्ला (विशेष सेल) और विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) मौके पर मौजूद रहे।
बाद में, दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलछा विधानसभा पहुंचे और विजेंद्र गुप्ता से मिले। जांच से जुड़े सूत्रों ने बताया कि वह वाहन सरवजीत सिंह के नाम पर पंजीकृत था।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी पहले इलाके की रेकी कर चुका था। पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के बयान दर्ज किए हैं और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस एक रिक्शा वाले से भी पूछताछ कर रही है, जिसने दावा किया है कि अपराह्न 2.15 बजे इसी गाड़ी से उसकी टक्कर हुई थी।
इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि वे इस मामले की जांच कर रहे हैं। घटना के बाद दिल्ली विधानसभा के बाहर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये।
एक सूत्र ने बताया कि जब यह घटना हुई, तब दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता अपने कार्यालय में मौजूद थे।
"इस घटना से ठीक पहले, दोपहर करीब 1:30 बजे, गुप्ता ने विधानसभा परिसर स्थित शिक्षा विभाग के कार्यालय का दौरा किया। इसके बाद वे अपने कार्यालय गए, और कुछ समय बाद यह घटना घटित हुई।"घटना का घटनाक्रम - दिल्ली विधानसभा:दोपहर 1:32 बजे, विधानसभा अध्यक्ष शिक्षा विभाग के कार्यालय की ओर गए।
वहां लगभग 20 मिनट रुकने के बाद, अध्यक्ष अन्य अधिकारियों के साथ विधानसभा परिसर में लौट आए।
दोपहर 2:06 बजे, अध्यक्ष अपने कार्यालय में प्रवेश किया।
लगभग 2:10 बजे, आरोपी एक वाहन के साथ परिसर में दाखिल हुआ।
आरोपी के पास एक गुलदस्ता, एक माला और एक बैग था।
अंदर आने के बाद, उसने गुलदस्ता अध्यक्ष की कार के पास रख दिया।
इसके बाद आरोपी वाहन लेकर चला गया और मौके से फरार हो गया।
विधानसभा सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने इस वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की पहले से ही रेकी (जांच-पड़ताल) की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित