अमृतसर , मार्च 27 -- पंजाब में अमृतसर के श्री गुरु नानक देव अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीज और उनके साथ आए परिजन अब श्री गुरु रामदास जी के दरबार से आया लंगर खा सकेंगे।

इस लंगर सेवा की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी ) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने मूलमंत्र और गुरमंत्र के जाप के बाद अरदास करके की।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों शिरोमणि कमेटी की अंतरिम कमेटी ने इस मानवीय कार्य के लिए अपनी स्वीकृति दी थी।

एडवोकेट धामी ने कहा कि शिरोमणि कमेटी गुरु साहिबान के संदेश और प्रेरणा की रोशनी में हमेशा मानव हित के कार्यों के लिए प्रयत्नशील रही है। इसी के तहत अस्पताल में मरीजों और जरूरतमंदों के लिए लंगर का प्रबंध करने का निर्णय लिया गया था।

इसका मुख्य उद्देश्य दूर-दराज से इलाज करवाने के लिए आने वाले मरीजों और उनके सहयोगियों को सहारा प्रदान करना है। यह सेवा उनके लिए एक बड़ा दिलासा (धरोवास) देने वाला साबित होगा। उन्होंने इस कार्य में सहयोग के लिए अस्पताल के पूरे प्रबंधन का धन्यवाद भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित