जयपुर , फरवरी 17 -- राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान दल (एसओजी) की अण्डमान, कोलकाता, जालौर, कोटा एवं जयपुर में छह स्थानों पर एक साथ दबिश देकर दस-दस हजार रुपये के ईनामी पांच डमी परीक्षार्थियों को गिरफ्तार किया गया हैं जबकि एक संदिग्ध एमबीबीएस छात्र को हिरासत में लिया गया है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बताया कि मंगलवार को एसओजी की विशेष टीमों द्वारा अण्डमान-निकोबार, कोलकाता, जयपुर, कोटा एवं जालौर सहित छह स्थानों पर एक साथ दबिश देकर महेश कुमार बिश्नोई ,महिपाल बिश्नोई (एमबीबीएस छात्र, चतुर्थ वर्ष, कोटा), सही राम (एमबीबीएस छात्र, चतुर्थ वर्ष, पोर्ट ब्लेयर), हनुमाना राम (राजकीय अध्यापक), निवास कुराडा (राजकीय अध्यापक) को गिरफ्तार किया गया तथा प्रिंस (संदिग्ध डमी, एमबीबीएस छात्र, कोलकाता) को हिरासत में लिया गया है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) द्वितीय श्रेणी प्रतियोगी परीक्षा-2022 के अंतर्गत सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान तथा विज्ञान विषय की परीक्षा 24 दिसंबर 2022 को आयोजित की गई थी। सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान विषय का प्रश्नपत्र लीक होने के कारण उक्त परीक्षा निरस्त कर 29 जनवरी 2023 को पुनः आयोजित की गई।

श्री बंसल ने बताया कि सार्वजनिक परीक्षा में कुछ अभ्यर्थियों द्वारा डमी परीक्षार्थियों के माध्यम से परीक्षा उत्तीर्ण कर वरिष्ठ अध्यापक (द्वितीय श्रेणी) पद पर धोखाधड़ीपूर्वक चयनित होने की शिकायत प्राप्त हुई थी। प्राथमिक जांच उपरांत आयोग द्वारा 14 अभ्यर्थियों एवं अन्य संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध एसओजी जयपुर में प्रकरण दर्ज कराया गया।

पूर्व में 12 मूल अभ्यर्थी, 03 डमी एवं 05 सहयोगी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इस प्रकरण में अब तक 12 मूल अभ्यर्थी, 09 डमी परीक्षार्थी एवं 05 मध्यस्थ सहित कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित