लखनऊ , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (मेरठ यूनिट) और उत्तराखंड एसटीएफ की संयुक्त टीम ने देहरादून के कोतवाली क्षेत्र में एसएससी एमटीएस (मल्टी टास्किंग स्टाफ) परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार निवासी ग्राम सुरजीपुर, पोस्ट भाटपाररानी, जनपद देवरिया (उ.प्र.) तथा भास्कर नैथानी निवासी मोहल्ला सरस्वतीपुरम, लेन नंबर 4, पोस्ट नाथ वाला, जनपद देहरादून (उत्तराखंड) के तौर पर हुई है। एसटीएफ के मुताबिक जांच में पता चला कि अभियुक्त एड्यूक्विटी कंपनी द्वारा आयोजित एसएससी एमटीएस परीक्षा के परीक्षा केंद्र महादेव डिजिटल जोन, देहरादून में मास्टर कंप्यूटर लगाकर कंप्यूटर हैकिंग के माध्यम से अभ्यर्थियों को नकल करा रहे थे। आरोपियों ने लोकल नेटवर्किंग और प्रॉक्सी सर्वर सेटअप कर रिमोट एक्सेस के जरिए प्रश्नपत्र हल कराए।

एक दिन पूर्व हुई कार्रवाई के दौरान मौके से चार मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और एक इंटरनेट राउटर बरामद किए हैं। जब्त उपकरणों की तकनीकी जांच कराई जा रही है।

गौरतलब है कि मल्टी टास्किंग स्टाफ परीक्षा (जिसे एमटीएस परीक्षा या एमटीएसई के नाम से भी जाना जाता है) कर्मचारी चयन आयोग द्वारा भारत सरकार के शीर्ष मंत्रालयों, विभागों और संगठनों में विभिन्न पदों पर ग्रुप सी (गैर-राजपत्रित, गैर-मंत्रालयी) कर्मचारियों की भर्ती के लिए आयोजित की जाने वाली एक परीक्षा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित