सोनीपत , फरवरी 04 -- हरियाणा में सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) ने नाहरी और कटलूपुर गांवों के नियंत्रित राजस्व क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ा प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान करीब 20 एकड़ क्षेत्र में फैली अवैध रूप से विकसित कॉलोनियों और निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान डीपीसी, चारदीवारी, कच्ची सड़कें, ईंटों से बनी गलियां तथा अनधिकृत मकानों सहित कई अवैध संरचनाओं को गिराया गया। एसएमडीए की डीटीपी नीलम शर्मा ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर आवश्यक मंजूरी के बिना अवैध रूप से भूखंडों पर कब्जा कर कॉलोनियां विकसित कर रहे थे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नियंत्रित क्षेत्रों में अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही आम जनता को चेतावनी दी गयी कि वे अवैध कॉलोनियों में निवेश न करें, क्योंकि ऐसे क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की सरकारी सुविधाएं उपलब्ध नहीं करायी जातीं। एसएमडीए ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संपत्ति में निवेश से पहले उसकी वैधता की पुष्टि करें। इसके लिए लोग सेक्टर-12, सोनीपत स्थित एसएमडीए कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित