बैतूल , फरवरी 03 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के हरदौली गांव में पिछले दिनों मिले विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के जवान के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है।

जांच में सामने आया है कि जवान की हत्या किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उसके ही दोस्त ने लूट के इरादे से की थी।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि मृतक की पहचान आरएस सरयाम के रूप में हुई है, जो छिंदवाड़ा में 8वीं बटालियन एसएएफ में पदस्थ था। आरोपी की पहचान डहुआ ढाना निवासी सुदामा पिंजारे के रूप में हुई है, जो मृतक का करीबी मित्र था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना वाली रात दोनों एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान आरोपी की नीयत बदल गई और उसने रुपए लूटने के उद्देश्य से सरयाम पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए मृतक की मोटरसाइकिल को अपने एक अन्य साथी की मदद से गांव से दूर छिपा दिया था। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की और तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन, स्थानीय जानकारी व गहन पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस ने मुख्य आरोपी सुदामा पिंजारे सहित उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है और मृतक की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित