गुरुग्राम , अप्रैल 16 -- न्यूयार्क स्टाक एक्सचेंज में सूचीबद्ध एसएंडपी ग्लोबल ने गुरुग्राम में अपने अत्याधुनिक कार्यालय का उद्घाटन करने की घोषणा की है जहां एक हाइब्रिड वर्क मॉडल में 3,500 से अधिक कर्मी कार्य करेंगे।
कंपनी की गुरूवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार उसका यह कदम गुरुग्राम को लेकर उसकी दीर्घकालिक योजना को दर्शाता है और इससे भारत में एसएंडपी ग्लोबल के 16,000 से अधिक सहकर्मियों की उपस्थिति के साथ प्रतिभा के लिए एक रणनीतिक केंद्र के तौर पर देश की भूमिका को मजबूती मिली है।
कुल 1,90,000 वर्ग फुट के इस कार्यालय का उद्घाटन एसएंडपी ग्लोबल मार्केट इंटेलिजेंस के अध्यक्ष और एसएंडपी ग्लोबल में चीफ डेटा ऑफिसर सौगात साहा, एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स एवं सेथ फॉक्स के अध्यक्ष और एसएंडपी ग्लोबल में डिजिटल टेक्नोलॉजी सर्विसेज के सीटीओ यान ले पैलेक की उपस्थिति में हुआ।
इस अवसर पर कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। कंपनी ने बताया कि इस नए कार्यालय में टेक्नोलॉजी, डेटा, ऑपरेशंस और ग्राहक सफलता के कार्यों में एक हाइब्रिड वर्क मॉडल में 3,500 से अधिक सहकर्मी कार्य करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित