बिलासपुर , दिसंबर 14 -- साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय, बिलासपुर में आयोजित दो दिवसीय 'एसईसीएल नारी शक्ति खेल महोत्सव 2025' का रविवार को वसंत विहार स्पोर्ट्स ग्राउंड में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य समापन हुआ। इस आयोजन में 28 विभिन्न खेल एवं मनोरंजक स्पर्धाओं में 300 से अधिक महिला प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

समापन समारोह के अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शशि दुहन की गरिमामयी उपस्थिति रही। वसंत विहार स्पोर्ट्स ग्राउंड पहुँचने पर मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का पारंपरिक रूप से पौधे भेंट कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी संचालन) श्रीलाल एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन के साथ श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्षगण श्रीमती अनीता फ्रैंकलिन, श्रीमती हसीना कुमार एवं श्रीमती विनिता जैन उपस्थित रहीं।

प्रतियोगिताओं में रेड हाउस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि पर्पल हाउस मात्र एक अंक के अंतर से उपविजेता रहा। दोनों टीमों के बीच कड़ा एवं रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।

मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले का अवलोकन किया तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही रस्साकस्सी, मटका रेस, नींबू-चम्मच दौड़ एवं जलेबी रेस जैसे फन गेम्स के फाइनल मुकाबले भी आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों के साथ दर्शकों ने भी भरपूर आनंद लिया।

समारोह के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं के विजेताओं एवं उपविजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित