कोरबा , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ में भारतीय युवा कांग्रेस, कोरबा (शहर एवं ग्रामीण) ने एसईसीएल की गेवरा ओपन कोल परियोजना के भठोरा फेस में हो रही कोयला चोरी को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने पीएनसी इंफ्राटेक कंपनी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई, ठेका निरस्त करने और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। जिसकी जानकारी आज मीडिया को दी गई।

जिलाध्यक्ष राकेश पंकज और विकास सिंह की ओर से 13 अप्रैल 2026 को दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि खदान के अंदर से लोडर के माध्यम से कोयला निकालकर ऊपर मैदान में खाली किया गया। इसके लिए बाकायदा खदान से मैदान तक रास्ता बनाया गया। बाद में उक्त कोयले को ट्रैक्टर में भरकर दिनदहाड़े अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ले जाया गया।

युवा कांग्रेस का कहना है कि घटना के समय स्थल पर पीएनसी इंफ्राटेक कंपनी के कर्मचारी और सीआईएसएफ के जवानों की मौजूदगी थी। इससे पूरे मामले में मिलीभगत की आशंका और गहरी हो जाती है। संगठन ने इसे संगठित अवैध गतिविधि और गोरखधंधा बताया है।

ज्ञापन में पांच सूत्रीय मांग की गई है। पहली, पीएनसी इंफ्राटेक कंपनी के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। दूसरी, भठोरा फेस में हुई कोयला चोरी की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। तीसरी, संलिप्त सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, सीआईएसएफ के संबंधित कर्मियों और बाहरी व्यक्तियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो। चौथी, पीएनसी इंफ्राटेक का ठेका तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए। पांचवीं, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित