प्रयागराज , फरवरी 4 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से संबद्ध स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन हॉस्पिटल) ने कैंसर उपचार में अपनी उल्लेखनीय सफलताओं का आज बुधवार को खुलासा किया।

कैंसर सर्जरी, कीमोथेरेपी और रेडिएशन थेरेपी की एकीकृत सुविधाओं से मरीजों को न केवल इलाज, बल्कि नई उम्मीद मिल रही है।अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, कैंसर विभाग की स्थापना के बाद तीन वर्षों में 1450 सफल ऑपरेशन हो चुके हैं। ओपीडी में 1.5 लाख मरीजों को परामर्श व उपचार दिया गया। पूर्वी उत्तर प्रदेश में एसआरएन अब कैंसर उपचार का प्रमुख केंद्र बन चुका है। विभिन्न वर्गों के मरीजों ने यहां जीवन प्राप्त किया।

52 वर्षीय गृहिणी सुनीता देवी को स्तन कैंसर था। सर्जरी, रेडिएशन व कीमोथेरेपी से वे पूरी तरह स्वस्थ हैं।उन्होंने कहा डॉक्टरों की टीम ने मुझे नया जीवन दिया। 45 वर्षीय किसान रामप्रकाश यादव को पित्त की थैली का कैंसर था। उपचार करवाने के बाद अब वे खेतों में काम करने लगे। 28 वर्षीय इंजीनियर अंकित सिंह को लिम्फोमा था। कम लागत पर इलाज से वे नौकरी पर बहाल हो गए। अंकित बोले मुफ्त या सस्ता इलाज यहां संभव है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित