जयपुर , दिसंबर 04 -- राजस्थान की बहुचर्चित उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक कांड में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया हैं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि एसआई भर्ती परीक्षा 2021 के प्रकरण (संख्या 10/2024, थाना एसओजी) में अनुसंधान के दौरान महेन्द्र कुमार चौधरी (34) निवासी नाडा की ढाणी, सामोद, जयपुर ग्रामीण की संलिप्तता सामने आई। जांच में पता चला कि महेन्द्र ने पेपर लीक के सरगना विनोद कुमार जाट उर्फ विनोद रेबाड़ से आठ लाख रुपये में सौदा किया। इस सौदे के तहत उसने 14 सितम्बर 2021 को परीक्षा से पूर्व दोनों पारियों के हल किए गए पेपर पढ़े थे।

लीक पेपर पढ़ने के आधार पर ही आरोपी महेन्द्र ने लिखित परीक्षा में चौंकाने वाले अंक प्राप्त किए। उसने हिन्दी विषय में 200 में से 137.21 अंक और सामान्य ज्ञान विषय में 200 में से 158.59 अंक हासिल किए। हालांकि, संयुक्त मेरिट में 474वां स्थान आने के बावजूद ओबीसी कैटेगरी में उसका अंतिम चयन नहीं हो पाया था।

एसओजी ने आरोपी महेन्द्र कुमार चौधरी को न्यायालय में पेश किया जहां आठ दिसम्बर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि महेन्द्र केवल एसआई भर्ती तक सीमित नहीं था बल्कि वह मुख्य सरगना विनोद कुमार जाट के साथ मिलकर अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक प्रकरणों में भी सक्रिय रूप से शामिल रहा है।

इस गिरफ्तारी के साथ ही उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक प्रकरण में गिरफ्तार होने वाले आरोपियों की संख्या बढ़कर 133 पहुंच गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित