धार , नवंबर 7 -- मध्यप्रदेश के धार भाजपा जिला कार्यालय में धार नगर केसरीमल सेनापति मंडल, कुशाभाऊ ठाकरे मंडल और तिरला मंडल के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में भाजपा वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आवाहन किया कि वह वैध मतदाताओं को उनका अधिकार दिलाने मैदान में जुट जाएं।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 4 नवंबर से प्रारंभ होकर 4 दिसंबर तक संचालित किया जा रहा है। इस अवधि में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के नाम, पता, आयु और अन्य विवरणों का सत्यापन करेंगे।
धार में भी इसी के तहत कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को सजगता के साथ इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने का अवाहन कर रही है। कार्यशाला में बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) को प्रशिक्षण दिया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के सुदृढ़ संचालन के लिए जागरूक और जिम्मेदार मतदाता अत्यंत आवश्यक हैं। वैध मतदाताओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए कार्यकर्ता मैदान में सक्रियता से जुट जाएं। प्रत्येक बीएलए सुनिश्चित करें कि कोई योग्य मतदाता छूटे नहीं और कोई अयोग्य मतदाता जोड़ा न जाए।
उन्होंने कहा कि जो नागरिक 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे फॉर्म नंबर 6 भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं ताकि उनका नाम नवीन मतदाता सूची में जोड़ा जा सके। प्रत्येक बूथ कार्यकर्ता मतदाताओं को यह जानकारी दें कि दो नवीनतम रंगीन फोटो तैयार रखें, जिन्हें गणना पत्र के साथ प्रस्तुत करना होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष महंत नीलेश भारती ने कहा कि जैसे किसी युद्ध में सैनिक ही असली योद्धा होता है, वैसे ही चुनाव में बूथ विजय का योद्धा बूथ लेवल कार्यकर्ता होता है। चुनाव आयोग की इस शुद्धिकरण प्रक्रिया में प्रत्येक कार्यकर्ता को पूर्ण सहयोग देना चाहिए ताकि आगामी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न हो सके। कार्यशाला में भाजपा के मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, बूथ महामंत्री और बूथ लेवल एजेंट बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्व केन्द्रीय मंत्री विक्रम वर्मा सहित भाजपा जिलाध्यक्ष महंत नीलेश भारती, धार विधायक श्रीमती नीना वर्मा, संयोजक डॉ. शरद विजयवर्गीय और सह संयोजक देवेंद्र सुनाने उपस्थित रहे। मंच पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विशाल निगम, जयराज देवड़ा और तिरला मंडल अध्यक्ष शुभम पाटीदार भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित