रांची , मार्च 07 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक आज कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने की।
बैठक में चुनाव आयोग द्वारा शुरू की जा रही एस आई आर प्रक्रिया पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में कहा गया कि जिस प्रकार देशभर में भाजपा, चुनाव आयोग के सहारे विपक्ष और कांग्रेस समर्थकों के वोट बैंक को निशाना बनाकर नाम कटवाने और वोट चोरी का प्रयास कर रही है, उसी कड़ी में झारखंड में भी भाजपा इसी रणनीति को लागू करने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस ने स्पष्ट कहा कि किसी भी हालत में झारखंड के मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट से कटने नहीं दिया जाएगा। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में झारखंड में एसआईआर से जुड़ी हर प्रक्रिया पर जनता को जागरूक किया जाएगा।
इसके लिए निम्न कार्यक्रम तय किए गए- हर प्रमंडल में प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। हर जिला मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर जनता और कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। लोगों को यह समझाया जाएगा कि कैसे वे अपना नाम मतदाता सूची से कटने से बचाएं। एसआईआर के नाम पर भाजपा की वोट कटवा नीति को बेनकाब किया जाएगा।
बैठक में मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने कहा कि कांग्रेस झारखंड में हर नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा द्वारा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने और मतदाता सूची से नाम कटवाने की किसी भी कोशिश का हम मजबूती से विरोध करेंगे। जनता को जागरूक कर हर घर तक यह संदेश पहुँचाया जाएगा कि उनका वोट सुरक्षित है और कोई भी उनका अधिकार नहीं छीन सकता।"बैठक में मुख्य रूप एआईसीसी एसआईआर ऑब्जर्वर राहुल बल, मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, प्रवक्ता सोनल शांति,कमल ठाकुर, शांतनु मिश्रा, रियाज अंसारी, जगदीश साहू, निरंजन पासवान, ज़फ़र इमाम, प्रशांत पांडे उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित