लखनऊ , फरवरी 25 -- विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य में लगे लखनऊ के जानकीपुरम विस्तार निवासी बीएलओ दिलीप सिंह सोमवार सुबह अचानक लापता हो गए। शाम को उनके मोबाइल से बीएलओ के व्हाट्सएप ग्रुप में 'गुडबाय' संदेश आने के बाद मामला गंभीर हो गया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर क्राइम ब्रांच समेत कई टीमों को उनकी तलाश में लगाया है।
दिलीप सिंह मूल रूप से लखीमपुर खीरी के परसिया गांव के रहने वाले हैं और बीकेटी के भौली-2 में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं। वह जानकीपुरम विस्तार के सेक्टर-3 में किराये के मकान में पत्नी दीपिका सिंह, बेटियों अनन्या और आकृति तथा बेटे सार्थक के साथ रहते हैं।
परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह बीएलओ वीरेंद्र का फोन आने पर दिलीप सिंह करीब 11 बजे घर से पैदल निकले थे। उन्होंने पत्नी से नाश्ता तैयार करने को कहा था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। पत्नी द्वारा कई बार फोन करने पर भी उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया और कुछ देर बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। अन्य सहकर्मियों से संपर्क करने पर भी उनकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस जांच में उनके मोबाइल की आखिरी लोकेशन जुग्गौर क्षेत्र में पाई गई है।
शाम 5:40 बजे बीएलओ के व्हाट्सएप ग्रुप में दिलीप सिंह के मोबाइल से संदेश आया, जिसमें लिखा था कि वह एसआईआर का कार्य छोड़कर जा रहे हैं और नोटिस फॉर्म उनकी बाइक के झोले में रखे हैं, जो घर पर खड़ी है। उन्होंने संदेश के अंत में 'गुडबाय' भी लिखा। इसके कुछ मिनट बाद एक और संदेश आया, जिसमें एसडीएम बीकेटी पर दबाव बनाने का आरोप लगाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित