रांची , मार्च 14 -- झारखंड प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने केंद्र सरकार के द्वारा एलपीजी सिलेंडर बुकिंग की समय सीमा तय करने के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

श्री यादव ने कहा कि इस घोषणा के बाद देशभर में उपभोक्ताओं के बीच भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब दस दिनों से देश के कई हिस्सों में एलपीजी गैस की भारी किल्लत के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इसके बावजूद केंद्र सरकार की ओर से समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

श्री यादव ने आज आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी सहित भाजपा के कई नेता बार-बार यह दावा कर रहे हैं कि देश में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और विपक्षी दल अफवाह फैला रहे हैं। श्री यादव ने सवाल उठाया कि यदि गैस की कमी नहीं है तो फिर देशभर में उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए घंटों लंबी कतारों में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है और गैस एजेंसियों द्वारा समय पर वितरण क्यों नहीं किया जा रहा है।

श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के निर्देश पर पेट्रोलियम मंत्रालय ने घरेलू गैस सिलेंडर के लिए 25 दिन, कमर्शियल गैस के लिए 21 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45 दिन की समय सीमा तय करने की घोषणा की है। राजद के अनुसार इस फैसले से लोगों की परेशानी कम होने के बजाय और बढ़ गई है।

श्री यादव ने कहा कि एलपीजी गैस की कमी से घरेलू परिवारों के साथ-साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी प्रभावित हो रहे हैं। झारखंड की राजधानी रांची में भी आम लोगों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। कई उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों के बाहर पूरे दिन लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, फिर भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाता है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में जिला प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों के लिए एक गाइडलाइन जारी की गई थी, जिसमें स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि जमीनी स्तर पर स्थिति इससे अलग दिखाई दे रही है। कई उपभोक्ताओं की बुकिंग होने के बावजूद उन्हें हफ्तों तक सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।

श्री यादव ने कहा कि जिला प्रशासन अपनी ओर से स्थिति सुधारने का प्रयास कर रहा है, लेकिन एलपीजी गैस की वास्तविक किल्लत को नजरअंदाज भी किया जा रहा है। एजेंसियों को उपभोक्ताओं को परेशान नहीं करने की चेतावनी दी गई है, फिर भी इसका खास असर नहीं दिख रहा है और समस्याएं बनी हुई हैं। श्री यादव ने चेतावनी दी कि यदि एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत इसी तरह जारी रही तो राजद की ओर से जल्द ही बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित