नई दिल्ली , मई 1 -- कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार ने आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया है।

श्री वेणुगोपाल ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में करीब एक हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर उन करोड़ों लोगों पर पड़ेगा जो छोटे ढाबों और रेस्टोरेंट्स से भोजन पर निर्भर हैं। इसके साथ ही छोटे खाद्य व्यवसायों पर भी इसका अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की आम लोगों की परेशानियों के प्रति संवेदनशीलता केवल चुनावी समय तक सीमित रहती है, जबकि चुनाव खत्म होने के बाद जनता को अपने हाल पर छोड़ दिया जाता है।

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि पिछले तीन महीनों से जारी ईरान युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव की आशंका थी, ऐसे में सरकार को पहले से ठोस योजना बनाकर आम नागरिकों को राहत देनी चाहिए थी। लेकिन ऐसा करने के बजाय सरकार ने सीधे तौर पर कीमतों का बोझ जनता पर डाल दिया।

श्री वेणुगोपाल ने सरकार से मांग की कि वह तुरंत हस्तक्षेप कर एलपीजी की कीमतों में राहत दे और छोटे कारोबारियों तथा आम लोगों को महंगाई से बचाने के लिए ठोस कदम उठाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित